बरकट्ठा : थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरुखी तिलैया के महाबर पहाड़ के समीप बंद पड़े अवैध पत्थर खदान में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब जाने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सौरभ कुमार (13 वर्ष) पिता संतोष कुमार, निवासी धरहरा बदाही के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को लगभग तीन बजे सौरभ अपने कुछ दोस्तों के साथ बंद पड़े पत्थर खदान में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और ग्रामीणों को दी।घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा शव को निकालने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव को निकालने में सफलता नहीं मिल सकी थी और प्रयास जारी था। बताया जाता है कि सौरभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता संतोष कुमार गुजरात में मजदूरी करते हैं और करीब दस-पंद्रह दिन पहले ही काम के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मां की चीत्कार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।




