बरही/ चौपारण: हज़ारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्री-कल्टिवेशन अभियान चलाया गया। 05 दिसंबर को मिली गुप्त सूचना पर मोरनिया और डोडिया के घने जंगलों में पुलिस, वन विभाग और वाइल्डलाइफ़ विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में तैयार की जा रही अवैध अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के नेतृत्व में चले इस अभियान में बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक, बरही थाना प्रभारी, चौपारण थाना के एसआई रवि रंजन, एसआई सुबिन्दर राम, एएसआई बदल महतो, सशस्त्र बल के जवान, वनपाल कुलदीप महतो तथा वाइल्डलाइफ़ कर्मी शामिल थे। टीम ने कई घंटों तक जंगल में गहन खोजबीन कर उन सभी स्थानों को चिन्हित किया, जहाँ माफिया खेती की तैयारी कर रहे थे। अभियान के दौरान खेत तैयार करने में उपयोग होने वाले सेक्शन पाइप, डिलीवरी पाइप और हौंडा सेट बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और सत्यापन के बाद उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि अफीम माफियाओं की जड़ और नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा, “यह ड्राइव लगातार जारी रहेगा। चौपारण क्षेत्र में किसी भी रूप में अवैध खेती को पनपने नहीं दिया जाएगा।” स्थानीय लोगों के मुताबिक यह अब तक की सबसे प्रभावी संयुक्त कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज़ी से चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह अफीम-मुक्त बनाया जा सके।
चौपारण में 10 एकड़ अवैध अफीम फसल तबाह, पुलिस और वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
On: December 5, 2025 4:32 PM
---Advertisement---




