हॉट सीट पर पहुंचे आर्यन कुमार ने पार किए नौ पड़ाव, प्राचार्य ने की सीजन-2 के आयोजन की घोषणा
बरही (हजारीबाग): दुलमहा पंचायत अंतर्गत चंदन नगर स्थित लूसेंट कॉन्वेंट स्कूल में शनिवार को KBS (कौन बनेगा सैकड़पति) क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार ग्रुप पैंथर, वुल्फ, टाइगर और लायन ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में चारों ग्रुप के बीच मुकाबला हुआ। इसमें एक-दूसरे को पछाड़ते हुए टाइगर और वुल्फ ग्रुप ने फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में वुल्फ ग्रुप के छात्र आर्यन कुमार हॉट सीट तक पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने कुल 15 पड़ावों में से नौ पड़ाव पार किए। दसवें पड़ाव पर गलत जवाब देने के कारण खेल के नियमों के अनुसार उनका सफर समाप्त हो गया। इसके बावजूद आर्यन ने नौवें पड़ाव का पुरस्कार मोमेंटो प्राप्त किया और अपनी टीम वुल्फ ग्रुप को जीत दिलाकर खुशी जाहिर की।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने खेल-खेल में सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब दिए और प्रतियोगिता का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रबंधन से जल्द ही KBS प्रतियोगिता का सीजन-2 आयोजित करने का आग्रह किया।
विद्यालय के प्राचार्य चंद्रदेव पंडित ने कहा कि KBS प्रतियोगिता का सीजन-2 बहुत जल्द आयोजित किया जाएगा, ताकि बच्चे अपने ज्ञान और प्रतिभा का और बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में नई चीजें सीखने और पढ़ने की रुचि बढ़ती है। साथ ही उनकी झिझक दूर होती है और भविष्य में अन्य प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास मिलता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य चंद्रदेव पंडित, शिक्षक पप्पू केशरी, एमडी सरफराज अली, संटू कुमार, शालिनी कुमारी, ममता कुमारी और लक्ष्मी कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






