बरही। प्रखंड के बरसोत पंचायत के बरियठ्ठा में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत विशेष ग्रामसभा आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बरही एसडीओ जोहन टुड्डू ने की, मौके पर बीडीओ जयपाल महतो व मुखिया मोतीलाल चौधरी मौजूद रहे। एसडीओ ने बताया कि यह अभियान जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण और उत्तरदायी शासन को बढ़ावा देने हेतु राष्ट्रीय स्तर पर चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा व सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के साथ समुदाय को नेतृत्व व विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। बीडीओ ने इसे क्षेत्र की प्रगति के लिए अहम बताया, जबकि मुखिया चौधरी ने पंचायत को अभियान का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त किया।
अभियान के मुख्य उद्देश्य:
1. जनजातीय नेतृत्व का विकास : समुदाय के युवाओं को नेतृत्व में अवसर प्रदान करना।
2. उत्तरदायी शासन को बढ़ावा – शासन व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना।
3. सेवा वितरण में सुधार – स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और अन्य योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना।
4. सामुदायिक भागीदारी –सहभागी योजना एवं बॉटम-अप विज़निंग को प्रोत्साहन देना। बरही में इस अभियान की शुरुआत से जनजातीय समुदायों को सशक्त नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की समय पर उपलब्धता और विकास में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। यह पहल न केवल स्थानीय स्तर पर शासन को मजबूत करेगी, बल्कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक धरोहर को भी सहेजते हुए समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।




