Home झारखंड बिहार देश-विदेश खेल मनोरंजन राजनीति
---Advertisement---

बरही विधायक की पहल से 14.83 करोड़ की 11 विकास योजनाओं को मिलेगी गति, दीपवाली के बाद जल्द शुरू होगा काम

---Advertisement---

बरही विधानसभा में सड़क, पुल, सिंचाई, किसान आजीविका केंद्र और सब्जी मंडी का होगा निर्माण, विधायक ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

संवाददाता : बरही

बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिवाली के बाद डीएमएफटी मद से हजारीबाग सांसद मनीष जयसवाल व उनके अनुशंसा के बाद बरही, चौपारण और पदमा प्रखंड में कुल 11 विकास योजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। इन योजनाओं पर कुल करीब 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़क निर्माण, पुल निर्माण, सिंचाई योजना, किसान उत्पादक समूहों के लिए भंडारण एवं आजीविका केंद्र तथा स्थानीय फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए मंडी का निर्माण शामिल है। विधायक श्री यादव ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और किसानों, स्थानीय व्यवसायियों तथा आम लोगों को लाभ मिलेगा।

बरही, चौपारण व पदमा प्रखंड में कई योजनाओं पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये

बरही प्रखंड में आठ विकास योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें बरही तिलैया रोड से केशरी धर्मशाला होते हुए फोरलेन तक पक्की सड़क का निर्माण 1 करोड़ 26 लाख 51 हजार 800 रुपये की लागत से किया जाएगा। विजैया चौक से ओरपरता सीमाना तक सड़क निर्माण पर 2 करोड़ 48 लाख 74 हजार 400 रुपये खर्च होंगे। ग्राम जरहिया में काली महतो के घर से प्रसादी महतो के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण 1 करोड़ 32 लाख 74 हजार 600 रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसी प्रकार, पीडब्ल्यूडी रोड बसरिया से गुड़ियो तालाब होते हुए अमझर कालीकरण रोड तक पीसीसी पथ निर्माण पर 1 करोड़ 29 लाख 65 हजार 500 रुपये खर्च किए जाएंगे। मलकोको पंचायत में बरसोती नदी पर 75 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण होगा। बरही प्रखंड कार्यालय के समीप किसान उत्पादक समूहों के लिए भंडारण, रखरखाव एवं आजीविका केंद्र का निर्माण 1 करोड़ 6 लाख 18 हजार 820 रुपये की लागत से किया जाएगा। गौरियाकरमा के केवलिया डैम में 1 करोड़ 42 लाख 69 हजार रुपये की लागत से उद्वह सिंचाई योजना का कार्य होगा। वहीं, बरही में एनएच के निकट स्थानीय फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से मंडी का निर्माण कराया जाएगा। चौपारण प्रखंड के ग्राम चयकला में आरईओ रोड से करमा आहर पिंड होते हुए भटवाचक तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना पर 2 करोड़ 46 लाख 85 हजार 700 रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे संबंधित ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। पदमा प्रखंड में दो सड़क निर्माण योजनाएं प्रस्तावित हैं। ग्राम पंचायत बंदरबेला के ग्राम अडार में देवी मंडप से आरईओ रोड बंदरबेला तक पीसीसी पथ का निर्माण 97 लाख 72 हजार 934 रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं, पीडब्ल्यूडी रोड सरैया से शशि मेडिकल तक पीसीसी पथ निर्माण पर 76 लाख 97 हजार 340 रुपये खर्च होंगे।

बरही मुख्यालय की जर्जर सड़कों के स्थायी निर्माण की पहल 

प्रेसवार्ता के दौरान विधायक मनोज यादव ने बरही मुख्यालय की सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्व को देखते हुए उन्होंने अथक प्रयास कर पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से सड़कों की मरम्मत कराने की पहल की है, लेकिन वह केवल मरम्मत कार्य से संतुष्ट नहीं हैं। उनका प्रयास है कि बरही मुख्यालय की सड़कों का स्थायी और पूर्ण निर्माण कराया जाए। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार से उनकी वार्ता हुई है। सचिव ने सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करवाकर भेजने की बात कही है। विधायक ने उम्मीद जताई है कि डीपीआर तैयार होने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरही मुख्यालय की सड़कों का पूर्ण निर्माण संभव हो सकेगा। प्रेसवार्ता में विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि बरही पश्चिमी भगवान केशरी,बरही पूर्वी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक, पदमा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मेहता, चौपारण मध्य मंडल अध्यक्ष रेवा शंकर साव, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय, पूर्वी मंडल अध्यक्ष आरती कौशल मौजूद थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment