बरही (हजारीबाग)। बरही गया रोड स्थित शिव-पार्वती मंदिर के प्रांगण में अनाधिकृत रूप से रेडीमेड सीमेंट के खंभे (पीलर) गाड़कर चारदीवारी निर्माण कर कब्जा करने का आरोप लगा है। मंदिर के सेवायत सुरेश कुमार शर्मा ने शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी बरही को लिखित आवेदन देकर अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि मौजा बरही, थाना नं 71, खाता नं 668, प्लॉट नं 8105, 8289, 8290 कुल 1.22 एकड़ जमीन पर शिव-पार्वती मंदिर अवस्थित है, जहाँ वे अपने पूर्वजों के काल से सेवायत के रूप में पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। आरोप है कि उदय केशरी, बलराम केशरी, विनोद केशरी सहित 10-15 अन्य लोगों ने दबंगता के आधार पर दुर्गा पूजा के आड़ में मंदिर की बगल वाली जमीन पर मजदूर लगाकर पीलर गाड़ दिया है।

सेवायत का कहना है कि इस संबंध में बरही थाना प्रभारी को लिखित सूचना दी गई है, पर थाना द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने SDO से अविलंब निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। रोक के बावजूद निर्माण कार्य होने से दुखी सेवायत का परिवार बरही अनुमंडल कार्यालय के गेट के पर धरना पर बैठ गए। कहा कि उनकी बातें नहीं सुनी जा रही है। उनकी सेवायत की जमीन अवैध रूप से कब्जा का प्रयास किया जा रहा है। धरने में बैठने वालों में सुरेश शर्मा, संजय शर्मा, सतीश शर्मा एवं उनके परिवार जन शामिल हैं। इधर दूसरे पक्ष का कहना है कि जमीन शिव पार्वती के नाम पर है। दुर्गा पूजा को लेकर विधि व्यवस्था संधारित करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी तौर पर घेराव किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना में कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए व्यवस्था किया जा रहा है।





