रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहरी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों -गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर—में ठंड और शीतलहरी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कोहरे और धुंध का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। एयर इंडिया की 9 उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से 3 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राज्य के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुमला में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, खूंटी और लोहरदगा में 7.6 डिग्री, हजारीबाग में 8.6 डिग्री, लातेहार में 8.7 डिग्री, सिमडेगा में 9.1 डिग्री, कोडरमा में 9.3 डिग्री और डालटनगंज में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गिरकर 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहरी का कहर, 8 जिलों में येलो अलर्ट





