जल्द बदलेगी बरही चौक की सूरत, ट्रैफिक पुलिस की होगी तैनाती; बरही के प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे एडवांस ट्रैफिक सिग्नल
संवाददाता : बरही
बरही : बरही चौक को व्यवस्थित, सुंदर और जाममुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में एनएचएआई के परियोजना निदेशक (पीडी) आशुतोष कुमार एवं एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बरही चौक का संयुक्त रूप से डिमार्केशन किया। इस दौरान चौक के विकास, सुंदरीकरण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाने की बात कही गई। प्रशासनिक पहल के तहत बरही चौक का बहुत जल्द सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। वहीं, इस दौरान पीडी आशुतोष कुमार ने बरही के प्रमुख स्थानों पर जगह-जगह एडवांस ट्रैफिक सिग्नल लगाने की भी बात कही है, ताकि वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
गौरतलब है कि बरही चौक क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही, बाजार की भीड़ और अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे में डिमार्केशन और सुंदरीकरण की यह पहल बरही की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। अब बरहीवासियों को इंतजार है बदलाव का। यदि प्रस्तावित योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारा जाता है, तो आने वाले दिनों में बरही चौक की तस्वीर बदल सकती है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि बरही आने-जाने वाले लोगों और स्थानीय व्यवसायियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।






