हजारीबाग-चतरा सीमा पर सुबह छह बजे हुई कार्रवाई, आरोपियों की पहचान कर वनवाद दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
संवाददाता : बरही
बरही। हजारीबाग जिले के पदमा प्रखंड अंतर्गत करर मौजा में हजारीबाग और चतरा जिले की सीमा पर सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 की सुबह वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित आरा मिल के खिलाफ छापेमारी की। यह कार्रवाई हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल के डीएफओ (आईएफएस) मौन प्रकाश के निर्देश पर की गई। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में लकड़ी, आरा मिल की मशीन और अन्य सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई का नेतृत्व बरही-पद्मा बीट के प्रभारी फॉरेस्टर अमर आनंद सरस्वती ने किया। टीम में सब-बीट प्रभारी प्रधान वनरक्षी आशीष कुमार, वनकर्मी राकेश कुमार, संजीत कुमार एवं अजीत कुमार गंझू सहित क्यूआरटी के सदस्य राकेश कुमार, आशुतोष कुमार, अविनाश कुमार और बासुदेव शामिल थे। इसके अलावा दैनिक अमीन विनोद कुमार मेहता तथा वॉचर अनिल यादव और चंदर यादव भी मौजूद रहे।
इस अभियान में चौपारण के प्रभारी फॉरेस्टर प्यारेलाल साव ने भी अपनी टीम के साथ संयुक्त रूप से भाग लिया। उनकी टीम में एचएफजी संतोष कुमार रजक, कृष्णा महतो और क्यूआरटी के सदस्य शामिल थे।
वन विभाग की टीम ने सुबह करीब छह बजे छापेमारी शुरू की, जो लगभग एक घंटे तक चली। इस दौरान मौके से करीब 100 सीएफटी गोल लकड़ी, लगभग 50 किलोग्राम कुन्नी लकड़ी, एक आरा मिल सेट, करीब 40 फीट आरा पट्टी तथा लगभग दो क्विंटल चिरान जलावन जब्त किया गया।
आरोपियों की पहचान में जुटा वन विभाग
मामले में संबंधित आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। वन विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ वनवाद दर्ज करने की प्रक्रिया भी की जा रही है। इस कार्रवाई में बरही-पद्मा बीट और चौपारण प्रक्षेत्र के वनकर्मी संयुक्त रूप से शामिल रहे।








