जेएलकेएम नेता कृष्णा यादव ने विधायक पर साधा निशाना, डीसी से मिलकर समाधान कराने का दिया भरोसा
बरही (हजारीबाग): बरही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रानीचुवा पंचायत का कुरहरिया गांव आज भी पक्की सड़क की सुविधा से वंचित है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के दिनों में कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो जाता है। वहीं, स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। ग्रामीणों की समस्या से अवगत होने के लिए जेएलकेएम के केंद्रीय सचिव सह बरही के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्णा यादव कुरहरिया गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में पक्की सड़क नहीं होने से होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। मौके पर कृष्णा यादव ने बरही विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कुरहरिया गांव पक्की सड़क से वंचित है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरही विधायक कुंभकर्ण की नींद में सोए हुए हैं और उन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। कृष्णा यादव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही हजारीबाग के उपायुक्त से मुलाकात कर कुरहरिया गांव की सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।






