दो लोगों की मौत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
चौपारण : चौपारण थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित दनुआ घाटी में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में दो लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। बताया जाता है कि दनुआ घाटी में तेज ढलान और तीखे मोड़ों के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों तथा दुर्घटना के कारणों की पुष्टि की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, जिससे लोगों में चिंता बनी रहती है।




