डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती एवं विश्व छात्र दिवस के अवसर पर इको क्लब की पहल
बरही : देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन के नाम से प्रसिद्ध डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती तथा विश्व छात्र दिवस के अवसर पर रेनबो स्कूल, बरही में विद्यालय के इको क्लब की ओर से ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा द्वितीय से लेकर कक्षा नौवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने घरों में उपलब्ध अनुपयोगी एवं बेकार पड़ी वस्तुओं का उपयोग कर एक से बढ़कर एक विज्ञान आधारित प्रोजेक्ट तैयार किए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मॉडलों में मैग्नेटिक लेविटेशन कार, पानी को साफ करने वाला यंत्र, स्पीकर, वाटर डिस्पेंसर और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे प्रोजेक्ट शामिल थे। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह प्रदर्शित किया कि सामान्य रूप से बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का सही उपयोग कर उपयोगी उपकरण एवं वैज्ञानिक मॉडल तैयार किए जा सकते हैं। निदेशक सिकन्दर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुनः उपयोग की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम ने बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान किया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता को प्रस्तुत किया। इससे बच्चों को सीमित संसाधनों में नए प्रयोग करने, समस्याओं का समाधान खोजने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी चीजों का निर्माण करना बच्चों की रचनात्मक एवं वैज्ञानिक प्रतिभा को दर्शाता है।






