संवाददाता : बरही
बरही। दुर्गा पूजा को देखते हुए बरही में सड़क सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने शनिवार संध्या सड़क पर बने गड्ढों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सड़क पर बने गड्ढों की स्थिति का जायजा लिया गया। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क की स्थिति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन के इस निरीक्षण का उद्देश्य पूजा के दौरान आवागमन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है। अब लोगों की निगाहें सड़क के गड्ढों की मरम्मत और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। मौके पर बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं युवा समाजसेवी सह कांग्रेस नेता तौकीर रजा भी मौजूद थे।






